देवभूमि में अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण देने वालों को कभी माफ नहीं करेगी जनता : भावना पांडे
जनसेवी भावना पांडे ने कहा, महिला सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे करने वाली और 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' का नारा देने वाली भाजपा के कार्यकाल में ही महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। आखिर सोई सरकार कब नींद से जागेगी और कब बहन-बेटियों को सुरक्षा देगी?

देहरादून। देवभूमि की शांत वादियां आज अपराधों के शोर से गूंज रही हैं। उत्तराखंड में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार और उनके विरुद्ध अपराधों में तेजी से वृद्धि हो रही है। वहीं इन बढ़ते अपराधों को रोक पाने में राज्य की भाजपा सरकार और प्रदेश का पुलिस प्रशासन पूरी तरह से असफल साबित हुआ है। ये कहना है उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे का।
उत्तराखंड की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर रोष जताते हुए एवं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए उत्तराखंड की बेटी भावना पांडे ने कहा, देवभूमि में आखिर ये क्या हो रहा है? आज हमारी बहन-बेटियां खुद को असहाय और असुरक्षित महसूस कर रही हैं। भाजपा सरकार के राज में प्रदेश की जनता का बुरा हाल है वहीं अपराधी बेखौफ यहाँ आतंक मचा रहे हैं। राज्य में बढ़ते अपराधों पर भाजपा सरकार की चुप्पी उसकी नाकामी को दर्शाती है।
भावना पांडे ने कहा, पिछले कुछ दिनों के भीतर उत्तराखंड में घटित हुई आपराधिक घटनाएं गंभीर चिंता का विषय है। देहरादून में हुए गुंजन हत्याकांड, ऋषिकेश में प्रीति की हत्या, विकास नगर के ढालीपुर में युवती की हत्या, रुद्रपुर में लिफ्ट देने के बहाने एक युवती के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना और इससे पहले एक निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स के साथ सामूहिक बलात्कार व हत्या आदि महिलाओं के विरुद्ध हुई आपराधिक वारदातों ने भीतर से झकझोर दिया है।
भावना पांडे ने कहा, उत्तराखंड की कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से हम गंभीरता से विचार करें तो स्थिति बेहद गंभीर है। राज्य में कामकाजी महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर कोई ठोस और प्रभावी सुरक्षात्मक कदम नहीं उठाये जा रहे हैं। महिला सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे करने वाली और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा देने वाली भाजपा के कार्यकाल में ही महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। आखिर सोई सरकार कब नींद से जागेगी और कब बहन-बेटियों को सुरक्षा देगी? देवभूमि में अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण देने वालों को प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।




