उत्तराखण्ड

जनता चाहती है जवाब, इन बढ़ते अपराधों से हमें कब मिलेगी मुक्ति : भावना पांडे

भावना पांडे ने धामी सरकार से सवाल पूछते हुए कहा कि आपके राज में आखिर ये हो क्या रहा है? अपराधी और माफिया इतने बेलगाम हो चुके हैं कि दिनदहाड़े वे लोगों को गोलियों से मार रहे हैं और सरकार तमाशबीन बनी हुई है।

देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ते अपराधों और प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं जनसेवी भावना पांडे ने रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में बढ़ते अपराधों की वजह से जनता का जीना मुहाल हो गया है, लोग दहशत के साये में जीने को विवश हैं। वहीं प्रदेश की भाजपा सरकार व पुलिस प्रशासन अपराधों को रोक पाने में पूरी तरह फेल हो चुके हैं।

भावना पांडे ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के राज में उत्तराखंड की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। बीते बुधवार को देहरादून के तिब्बती मार्केट में युवक अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हुई हत्या को अभी दो दिन ही बीते थे कि आज सुबह फिर से एक व्यक्ति को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। उन्होंने कहा, राजधानी देहरादून में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। राजधानी देहरादून आज क्राइम कैपिटल बन चुकी है।

भावना पांडे ने कहा, राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम से लौट रहे प्रॉपर्टी डीलर विक्रम शर्मा की तीन अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। राजधानी में लगातार सामने आ रही इस तरह की दिल दहला देने वाली घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिर्फ देहरादून में ही नहीं प्रदेशभर में अपराध तेजी से बढ़ रहा है।

भावना पांडे ने बीते गुरुवार को हल्द्वानी में हुई युवक और युवती की हत्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि हल्द्वानी मंडी परिसर के अंदर गल्ला मंडी के पास डबल मर्डर की अत्यंत दुखद घटना हुई। युवक और युवती की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। वहीं अन्य घटनाओं में देहरादून शहर में बीती दो फरवरी को गुंजन हत्याकांड ने सनसनी फैला दी थी। दूल्हा बाजार में सुबह करीब 11 बजे आकाश नामक युवक ने गुंजन के गले पर चापड़ से वार कर हत्या कर दी थी। इसके अलावा ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या, विकासनगर में छात्रा मनीषा तोमर की हत्या और तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े हत्या जैसी घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेशभर में लगातार हो रही खूनी वारदातों से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

भावना पांडे ने धामी सरकार से सवाल पूछते हुए कहा कि आपके राज में आखिर ये हो क्या रहा है? अपराधी और माफिया इतने बेलगाम हो चुके हैं कि दिनदहाड़े वे लोगों को गोलियों से मार रहे हैं और सरकार तमाशबीन बनी हुई है। आज देवभूमि की शांति पूरी तरह से भंग हो चुकी है। इस प्रदेश का हाल आज यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसा हो गया है। प्रदेश की जनता आज भाजपा सरकार से जवाब चाहती है कि इन बढ़ते अपराधों से हमें कब मुक्ति मिलेगी?

Related Articles

Back to top button