असहाय व पीड़ित लोगों की नि:स्वार्थ सेवा कर मानवता का फर्ज निभाएं: वंशिका सोनकर
जनसेवी वंशिका सोनकर ने कहा- ‘‘विश्व रेडक्रास दिवस’’ के अवसर पर आइए हम सभी मिलकर असहाय व पीड़ित लोगों की नि:स्वार्थ सेवा कर मानवता का फर्ज निभाएं।

देहरादून। युवा भाजपा नेत्री, प्रसिद्ध समाज सेवी एवं वार्ड संख्या 18 इंदिरा कॉलोनी की नगर निगम पार्षद वंशिका सोनकर ने ‘‘विश्व रेडक्रास दिवस’’ पर जागरूकता हेतु समस्त देशवासियों को विशेष संदेश दिया है।
इस अवसर पर जारी अपने संदेश में जनसेवी वंशिका सोनकर ने कहा- ‘‘विश्व रेडक्रास दिवस’’ के अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। आइए, हम सभी मिलकर असहाय व पीड़ित लोगों की नि:स्वार्थ सेवा कर मानवता का फर्ज निभाएं। साथ ही इस अवसर पर लाचार और जरूरतमंदों की निरंतर सेवा करने का संकल्प लें।

पार्षद वंशिका सोनकर ने ‘‘विश्व रेडक्रास दिवस’’ की विशेषता एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 8 मई को दुनियाभर में ‘‘विश्व रेडक्रास दिवस’’ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस एक अंतर्राष्ट्रीय संस्था है जिसका प्रमुख उद्देश्य रोगियों, घायलों तथा युद्धकालीन बंदियों की देख-रेख करना है। रेडक्रॉस अभियान को जन्म देने वाले महान मानवता प्रेमी जीन हैनरी डयूनेन्ट का जन्म 8 मई, 1828 को हुआ था। उनके जन्म दिवस को विश्व “रेडक्रॉस दिवस” के रूप में पूरे विश्व में मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि विश्व रेडक्रॉस दिवस को ‘अन्तर्राष्ट्रीय स्वयंसेवक दिवस’ के रूप में भी मनाया जाता है। लगभग 160 वर्षों से पूरे विश्व में रेडक्रॉस के स्वयंसेवक असहाय एवं पीड़ित लोगों की सहायता के लिए काम करते आ रहे हैं। विश्व भर में रेडक्रॉस के लगभग करोड़ों स्वयंसेवक हैं। भारत में वर्ष 1920 में पार्लियामैंट्री एक्ट के तहत भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी का गठन हुआ, तब से इसके स्वयंसेवक विभिन्न प्रकार की आपदाओं में निरंतर निःस्वार्थ भावना से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।




